वेलिंगटन। नील वेगनर (45/5) और ट्रेंट बोल्ट (52/4) की शानदार गेंदबाजी की मदद से न्यूजीलैंड ने दूसरे टेस्ट मैच मे मंगलवार को बांग्लादेश को पारी और 12 रनों से हरा दिया। पहली पारी में 221 रनों से पिछड़ने के बाद मैच के अंतिम दिन बांग्लादेश की दूसरी पारी 56 ओवरों में 209 रनों पर सिमट गई। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 की अपराजेय बढ़त बना ली। सीरीज का तीसरा और अंतिम टेस्ट मैच शनिवार से शुरू होगा।

बारिश के कारण पहले दो दिन एक भी गेंद नहीं फेंकी गई थी। इसके बाद तीसरे दिन बांग्लादेश की पहली पारी 211 रनों पर सिमट गई। जवाब में न्यूजीलैंड ने रॉस टेलर के दोहरे शतक (200) और हैनरी निकोल्स के शतक (107) की मदद से पहली पारी छह विकेट पर 432 रन बनाकर घोषित की थी।

बांग्लादेश ने मंगलवार सुबह दूसरी पारी में तीन विकेट पर 80 रन से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन कप्तान महमुदुल्लाह और मुहम्मद मिथुन (47) को छोड़कर उसका कोई भी अन्य बल्लेबाज घरेलू गेंदबाजों का प्रतिकार नहीं कर पाया। महमुदुल्लाह ने 69 गेंदों पर 67 रन बनाए, लेकिन वह पारी की हार नहीं टाल पाए। वेगनर और बोल्ट ने मेहमान बल्लेबाजों को पूरे समय परेशान रखा।